तापमान बढ़ा सिरोही में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद

सिरोही, 15 अप्रैल। जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित लू (हीटवेव) के खतरे को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. दिनेश खराड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में “हीटवेव एक्शन प्लान” के तहत व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, ताकि आमजन को लू से बचाया जा सके और समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि श्रीमान जिला कलेक्टर सिरोही निर्देशानुसार जिले के सभी जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सभी चिकित्सा संस्थानों में लू प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु दवाइयों, उपकरणों एवं स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
जिला एवं ब्लॉक स्तर पर 24×7 कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं तथा एम्बुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट रखा गया है, ताकि प्रभावित मरीजों को तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सके। गंभीर मरीजों के लिए रेफरल व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
CMHO डॉ. खराड़ी ने बताया कि आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को लू से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। स्कूलों एवं कॉलेजों में भी जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
लू से बचाव के प्रमुख उपाय (स्वास्थ्य विभाग की अपील):
• दोपहर 12 बजे से 5 बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।
• शरीर में पानी की कमी न होने दें, बार-बार पानी एवं ओआरएस का सेवन करें।
• नींबू पानी, छाछ, लस्सी और फलों के रस जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें।
• तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, खीरा जैसे मौसमी फलों का अधिक उपयोग करें।
• हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें।
• बाहर निकलते समय सिर को ढकें—छाता, टोपी, गमछा या दुपट्टा का उपयोग करें।
• यात्रा के दौरान हमेशा पीने का पानी साथ रखें।
• धूप में बाहर जाते समय जूते या चप्पल अवश्य पहनें।
सतर्कता एवं उपचार:
• मौसम की जानकारी के लिए रेडियो, टीवी या मौसम विभाग की वेबसाइट देखते रहें।
• लू लगने के लक्षण (चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, कमजोरी) दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाएं।
• गंभीर स्थिति में मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।
जिला अस्पताल सहित अन्य चिकित्सा संस्थानों में लू प्रभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाए गए हैं, जहां कूलर, पंखे, शुद्ध पेयजल, ओआरएस एवं जीवन रक्षक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
अंत में CMHO डॉ. खराड़ी ने आमजन से अपील की कि गर्मी के इस मौसम में सावधानी बरतें, अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें और स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत चिकित्सा सलाह लें ।






