फर्जी डिग्री से नौकरी पाने का मामला..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला परिषद ने जिस कार्मिक को एपीओ काल में शिवगंज लगाया वह 46 दिन से है नदारद, सूचना नहीं देने पर बीडीओ को मिला 17 सीसी नोटिस

शिवगंज। फर्जी दस्तावेज के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में रेवदर पंचायत समिति के जिस कार्मिक को एपीओ काल में शिवगंज पंचायत समिति में तैनात किया था वह 26 अप्रैल 2024 से ड्यूटी से नदारद है। इस मामले में शिवगंज पंचायत समिति के बीडीओ की ओर से जिला परिषद को उसकी अनुपस्थिति को लेकर किसी प्रकार की सूचना नहीं दिए जाने पर अब जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने विकास अधिकारी मुलेन्द्रसिंह को नियम 17 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की ओर से विकास अधिकारी को 10 जून को जारी किए नोटिस में बताया है कि संबंधित कर्मचारी कनिष्ट तकनीकी सहायक महेन्द्र कुमार के 26 अप्रैल से आज तक बिना अनुमति एवं सूचना दिए अनुपिस्थत होने की जानकारी विकास अधिकारी की ओर से 10 जून को व्हाटसएप्प के माध्यम से मुख्य कार्यकारी अधिकारी को दी गई।
नोटिस में विकास अधिकारी से इस बात का जवाब मांगा गया है कि कर्मचारी के अनुपस्थित होने का संदर्भित पत्र किस दिनांक को जिला परिषद सिरोही को ईमेल किया गया। यदि कनिष्ट तकनीकी सहायक महेन्द्र कुमार लंबे समय से स्वेच्छा से अनुपस्थित है तो विकास अधिकारी की ओर से उसको कब कब और किस किस माध्यम से नोटिस तामिल करवाए गए उसकी जानकारी जिला परिषद को उपलब्ध करवाई जाए।
गंभीर जांच विचाराधीन होने की जानकारी के बावजूद लापरवाही क्यों
नोटिस में बताया गया है कि संबंधित कर्मचारी के विरूद्ध गंभीर जांच विचाराधीन होने के बारे में जिला परिषद की ओर से विकास अधिकारी को अवगत करवाए जाने के बावजूद उसके इतने समय से अनुपस्थित होने की सूचना जिला परिषद को विलंब से क्यों दी गई। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने विकास अधिकारी को निर्देशित किया है कि इन सभी बिंदुओं पर 13 जून तक समस्त जानकारी से जिला परिषद को अवगत करवाए अन्यथा उनके विरूद्ध राजस्थान सिविल सेवा 1958 के नियम 17 के तहत एक तरफा कार्रवाई का प्रस्ताव राज्य स्तर पर प्रेषित किया जाएगा।
गौरतलब है कि फर्जी डिग्री के आधार पर सरकारी नौकरी प्राप्त करने के बाद जांच में डिग्री के फर्जी पाए जाने के बावजूद कर्मचारी के अनवरत कार्य करने का मामला पूर्व विधायक संयम लोढा की ओर से ग्रामीण राज विकास मंत्री करोडीलाल मीना के समक्ष उठाए जाने के बाद ग्रामीण विकास विभाग में हलचल मची हुई है। उसके बाद ही यह उजागर हुआ कि संबंधित कर्मचारी जिसे एपीओ काल में शिवगंज पंचायत समिति में लगाया गया था तब से ही वह बिना कोई सूचना दिए अनुपस्थित चल रहा है।

Rajasthan Tv 24
Author: Rajasthan Tv 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Buzz4 Ai