संत श्री महाराज की उपस्थिति में धर्म प्रेमियों की धर्म सभा का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

श्री जागनाथ महादेव मंदिर ट्रस्ट परिसर में धर्मसभा आयोजित

शिवगंज । तखतगढ़ से पधारे युवा संत श्री अभय दास महाराज ने उपस्थित धर्मप्रेमी नागरिकों एवं मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे समाज में आज कई प्रकार की विकृतियाँ प्रवेश कर रही हैं। हमारे संतों ने जो सिद्धांत प्रतिपादित किए थे, आज के समय में उनका पालन नहीं करने से समाज में भाईचारे की भावना में कमी आई है। साथ ही हम प्रकृति के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं, जिससे पर्यावरण दूषित हो रहा है।
उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों एवं वाल्मीकि समुदाय को भी उचित सम्मान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारा स्वास्थ्य तभी सुरक्षित रह सकता है जब हम स्वच्छ और अच्छे वातावरण में निवास करें। यदि वातावरण में स्वच्छता नहीं होगी तो हम अनेक बीमारियों से ग्रसित हो सकते हैं। जिस प्रकार क्षत्रिय समाज ने देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, उसी प्रकार वाल्मीकि एवं आदिवासी समाज ने भी युद्धवीर बनकर हमारी रक्षा की है।

इस अवसर पर उन्होंने हाल ही में निर्मित 400 कमरों के आवासीय हॉस्टल के उद्घाटन के उपलक्ष्य में 27 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा सभी से इसमें भाग लेने का आग्रह किया।
इससे पूर्व श्री जागनाथ महादेव मंदिर ट्रस्ट के मंत्री गंगाराम गोयल, उपाध्यक्ष बाबूलाल ग्वाला, कोषाध्यक्ष फुलाराम सुथार, सदस्य किस्तूरराम घांची, जयंतीलाल सोनी एवं भरवलाल सुथार ने संत श्री अभय दास जी महाराज सहित मंचासीन अतिथियों — श्री संयम लोढ़ा, श्री अनाराम बोराणा एवं श्री वाजिंगा राम जी — का माला, दुपट्टा एवं सोल ओढ़ाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयम लोढ़ा ने सभी से आह्वान किया कि अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर तखतगढ़ में 27 मार्च से प्रारंभ हो रहे भव्य उद्घाटन कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें और शिवगंज की उपस्थिति को यादगार बनाएं। इस अवसर पर उन्होंने युवा संत श्री अभय दास जी को समाज सुधार की दिशा में अग्रणी युवा संत की उपाधि भी दी। उन्होंने कहा कि धर्मसभाओं के माध्यम से समाज में आध्यात्मिकता का संदेश देकर नागरिकों के जीवन को सफल और बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए ट्रस्ट के मंत्री गंगाराम गोयल ने उपस्थित सभी नागरिकों का अभिनंदन किया तथा कार्यक्रम से संबंधित जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर विनोद मित्तल, शंकर भाटी, महिपाल सिंह राणावत, खेमचंद परारिया, मुकुट नारायण अरोड़ा, हीरालाल पालीवाल, महादेव महिला मंडल की अध्यक्ष उषा सोनी, ओमबाला परमार, दुर्गा गहलोत, चंपा देवी सेन, ललिता शर्मा, रेनू गहलोत, मयंक सोनी, पीयू देवड़ा, दलपत सिंह इंदा सहित शहर की कई धार्मिक संस्थाओं से आए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम से पूर्व संत श्री अभय दास महाराज एवं संयम लोढ़ा ने मंदिर के गर्भगृह में भगवान श्री जागनाथ महादेव की पूजा-अर्चना की। पुजारी भंवरलाल त्रिवेदी ने मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन संपन्न करवाया।

Rajasthan Tv 24
Author: Rajasthan Tv 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Buzz4 Ai