लाडनूँ में SPL-3 का सफल आयोजन, नागौर बनी विजेता

लाडनूँ। दिनांक 26 अप्रैल 2026 को एस.आर. गुहराय स्टेडियम में सैयद प्रीमियर लीग (SPL-3) के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला लाडनूँ और नागौर के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए नागौर टीम विजेता बनी।
फाइनल मुकाबले में लाडनूँ टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे नागौर टीम ने आसानी से हासिल कर खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। बड़ी संख्या में दर्शक भी मैच के साक्षी बने।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नजीर सिद्दीकी साहब (अभियोजन अधिकारी, राजगढ़-चूरू) ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जितेंद्र सिंह (उप पुलिस अधीक्षक – DSP), लाडनूँ उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया और टूर्नामेंट की थीम “क्रिकेट तो एक बहाना है, असल मकसद दिलों को मिलाना है” को अमल में लाने का संदेश दिया। इस टूर्नामेंट की खास बात यह रही कि इसमें सैयद समाज के शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं राजकीय सेवाओं में चयनित व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।

टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों ने भाग लिया और सभी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाया। पुरस्कारों में बेस्ट बल्लेबाज का खिताब फरहत अली (अल्ताफ) को, बेस्ट बॉलर शाहरुख (नागौर) को तथा बेस्ट फील्डर सैयद अमन (बेसवा) को दिया गया। वहीं मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी फरहत अली (अल्ताफ) को प्रदान किया गया।इस प्रतियोगिता में लाडनूँ, जयपुर, डीडवाना, कुचामन, सुजानगढ़, बेसवा, फतेहपुर, सीकर, रोल, नागौर, बाड़मेर, मुंबई व माउंट आबू से सैयद समाज के क्रिकेट प्रेमी, विभिन्न शहरों की कमेटियाँ एवं खिलाड़ी शामिल हुए।
आयोजन को सफल बनाने में सैयद मोहम्मद मुश्ताक, सैयद मोहम्मद आसिफ, सैयद नदीम, सैयद आमीन, सैयद खुर्शीद अहमद (अध्यक्ष, SPL लाडनूँ कमेटी), सैयद साबिर अली, सैयद मुस्तफा, सैयद अनवर अली, सैयद फरहत अली (SPL फाउंडर),सैयद इमरान अली जी.एम., सूफी सैयद मोहम्मद इक़बाल अशरफी व मीडिया प्रभारी सैयद इरफान अली (जी.एम.) सहित सैयद समाज के युवाओं का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने पूरे आयोजन की व्यवस्था संभाली।
इस आयोजन ने न सिर्फ खेल को बढ़ावा दिया, बल्कि सैयद समाज में आपसी भाईचारे और एकता को भी मजबूत किया, जिससे “क्रिकेट तो एक बहाना है, असल मकसद दिलों को मिलाना है” की थीम पूरी तरह सार्थक हुई।





