गौशाला में पुलिस उपाधीक्षक ने मनाया बेटी का जन्मदिन, हरा चारा एवं गुड़ खिलाकर की गौसेवा

सुमेरपुर। कामधेनु पुत्र 36 कॉम गौशाला सेवा समिति थलवा जांव सुमेरपुर में पुलिस उपाधीक्षक श्री जितेन्द्र सिंह राठौड़ ने अपनी धर्मपत्नी के साथ बेटी का जन्मदिन अनोखे ढंग से मनाया। इस पावन अवसर पर उन्होंने गौमाता की सेवा करते हुए एक ट्रॉली हरा चारा अर्पित किया तथा गौमाता को गुड़ खिलाया।
डीवाईएसपी राठौड़ ने कहा कि जन्मदिन जैसे शुभ अवसर पर गौशाला में आकर गौसेवा करना समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने प्रियजनों के जन्मदिन, वर्षगांठ जैसे मंगल दिवसों पर गौसेवा कर धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना चाहिए।
इस दौरान गौशाला अध्यक्ष मदनसिंह राजपुरोहित, उपाध्यक्ष जोपसिंह परमार, कोषाध्यक्ष प्रेमचंद बरूत, सह सचिव मंशाराम कच्छवाह, प्रतापराम माली, भगवतीलाल मालवीय सहित गौशाला परिवार के सदस्यों ने पुलिस उपाधीक्षक की बिटिया को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।








