लोढ़ा ने की जल संसाधन मंत्री से मुलाकात,जल संसाधन परियोजनाओं में तेजी लाने की मांग

शिवगंज (सिरोही)। पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार रहे पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने अजमेर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में राज्य के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत से आत्मीय मुलाकात कर जवाई क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं में तेजी लाने की मांग की। रावत ने लोढ़ा की मांगों को सुनने के बाद आश्वासन दिया कि इन परियोजनाओं पर शीघ्र ही कार्य शुरू करवाया जाएगा।
*सेई–जवाई टनल परियोजना में मंथर गति, लोढ़ा ने जताई नाराजगी*
पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत को बताया कि सेई बांध के अधिशेष जल को जवाई बांध तक पहुंचाने वाली टनल परियोजना 2020 में स्वीकृत हुई थी। 100 करोड़ रुपए की इस परियोजना का लक्ष्य टनल की गहराई 4 मीटर करना और क्षमता 34 एमसीएफटी से बढ़ाकर 75 एमसीएफटी करना था। कार्य 2021 में शुरू होकर 15 सितंबर 2024 तक पूरा होना था, लेकिन अब तक मात्र 60 प्रतिशत कार्य ही हो सका है। उन्होंने कार्य में तेजी लाने की मांग की।
*जवाई पुनर्भरण योजना में प्रगति शून्य, लक्ष्य वर्ष 2027 संकट में*
लोढ़ा ने मंत्री को अवगत कराया कि बजट 2022-23 में उदयपुर जिले की कोटड़ा तहसील में चाक एवं भुज सांडमारिया बांध निर्माण की घोषणा हुई थी। 2554.23 करोड़ रुपए की इस परियोजना का वर्क ऑर्डर 10 जुलाई 2023 को जारी कर शिलान्यास भी कर दिया गया था। सेई, बुजा और साबरमती बांधों से टनल के माध्यम से पानी जवाई बांध तक पहुंचाने की योजना प्रस्तावित है। परंतु वर्तमान सरकार के लगभग पौने दो वर्ष में इस परियोजना पर कोई उल्लेखनीय प्रगति नहीं हो पाई। लोढ़ा ने कहा कि ऐसे में वर्ष 2027 का लक्ष्य अधर में दिखाई देता है।
*ईआरसीपी को दी गई जवाई क्षेत्र की 418 बीघा भूमि का पर्यटन के लिए उपयोग करने की मांग*
लोढ़ा ने जल संसाधन मंत्री को बताया कि राज्य सरकार ने सिंचाई विभाग की कुल 2,405 बीघा भूमि का नामांतरण ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) के नाम कर दिया है, जिसमें जवाई क्षेत्र की 418 बीघा भूमि भी शामिल है। उन्होंने आशंका जताई कि सरकार इस भूमि को बेचकर इस परियोजना के लिए धन जुटा सकती है। लोढ़ा ने आग्रह किया कि यह भूमि बेचने के बजाय जवाई बांध क्षेत्र में पर्यटन परियोजनाओं के रूप में विकसित की जाए ताकि क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार दोनों बढ़ सकें।
*भैंसा सिंह बांध परियोजना दो वर्ष से ठप, एक ईंट भी नहीं रखी गई*
लोढ़ा ने बताया कि भैंसा सिंह बांध परियोजना का वर्क ऑर्डर वर्ष 2023 में जारी हो चुका था, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना पर त्वरित कार्रवाई कर कार्य शुरू करवाया जाए। मंत्री रावत ने भी इन मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए लोढ़ा को आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही स्थल निरीक्षण कर परियोजनाओं को गति देंगे। इस दौरान लोढ़ा के साथ स्थानीय कांग्रेस नेता हबीब शेख भी थे।








