पहाड़ी क्षेत्र के बच्चों को मिली ठंड से राहत, लायन्स क्लब का सराहनीय सेवा प्रकल्प

शिवगंज/देवों का वेरा। लायंस क्लब शिवगंज–सुमेरपुर की प्रेरणा से सोमवार को देवों का वेरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में 140 स्कूली बच्चों को स्वेटर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शरद ऋतु में जरूरतमंद बच्चों को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से यह सेवा पहल भामाशाह मातुश्री जडाव बाई मूलचंद जी परमार जैन (शिवगंज/बेंगलुरु) के सहयोग से संपन्न हुई।
कार्यक्रम का आयोजन 24 नवंबर 2025 को प्रातः 10 बजे किया गया, जिसमें प्रोजेक्ट चेयरमैन लायन नरेंद्र जैन, क्लब अध्यक्ष लायन दीपक बंसल, सचिव लायन योगेश पटवा, विद्यालय प्रधानाध्यापक श्री मुकेश चौधरी, स्कूल स्टाफ तथा स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विशेष उल्लेखनीय है कि लायन नरेंद्र जैन पिछले कई वर्षों से इस सेवा प्रकल्प में निरंतर योगदान दे रहे हैं। उनकी सेवा भावना, संवेदनशीलता और बच्चों के प्रति अपनापन इस परियोजना को निरंतर सफल बनाता रहा है।
स्वेटर प्राप्त करने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी की अनोखी चमक देखने को मिली। पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्र में रहने वाले इन बच्चों के लिए यह सहयोग सर्द मौसम में महत्वपूर्ण राहत साबित हुआ। विद्यालय स्टाफ ने बताया कि इस प्रकार की सहायता बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई दोनों पर सकारात्मक प्रभाव डालती है।
“आओ खुशियाँ बाँटें” की भावना के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम के लिए विद्यालय परिवार ने लायंस क्लब तथा भामाशाह मातुश्री जडाव बाई मूलचंद जी परमार जैन का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता में क्लब सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








