जनवरी के अंतिम सप्ताह में शिवगंज में होगा विशाल जिला स्तरीय स्नेह मिलन समारोह

शिवगंज। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) की शिवगंज उपखंड इकाई की जनरल बैठक का आयोजन शहर के डाक बंगला परिसर में किया गया। बैठक प्रदेश सचिव विक्रम सिंह करणोत के मुख्य आतिथ्य, हरिपाल सिंह उखरडा एवं जिला महासचिव हरिश कुमार के विशिष्ट आतिथ्य तथा उपखंड इकाई अध्यक्ष कुंदनमल राठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती, पत्रकार हितों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में जिला स्तरीय पत्रकार स्नेह मिलन समारोह शिवगंज शहर में आयोजित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने इस आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने पर सहमति जताई। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित जिला स्तरीय समारोह में केबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों सहित जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एडीएम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उपखंड स्तर के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम में सहयोग देने वाले भामाशाहों के सम्मान का भी प्रस्ताव लिया गया। स्नेह मिलन समारोह की तैयारियों को लेकर एक विस्तृत रूपरेखा तैयार करने हेतु शीघ्र ही एक अलग बैठक आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। आयोजन को लेकर शहर में विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग्स एवं कार्यक्रम स्थल परिसर में संगठन की गतिविधियों से जुड़ी तस्वीरों के माध्यम से आकर्षक बैनर लगाए जाने की योजना बनाई गई, ताकि संगठन की सक्रियता और पत्रकारों की एकजुटता का संदेश जन-जन तक पहुंच सके।

बैठक के दौरान प्रदेश सचिव विक्रम सिंह करणोत ने संगठन की भूमिका और पत्रकारों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि आईएफडब्ल्यूजे सदैव पत्रकार हितों की आवाज बुलंद करता रहा है और आगे भी मजबूती से करता रहेगा।
अध्यक्ष कुंदनमल राठी ने सभी सदस्यों से आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अंत में जिला प्रवक्ता एवं उपखंड महासचिव हेमंत अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में कोषाध्यक्ष महेंद्र माली, चंपालाल माली, वने सिंह, सेसाराम, प्रवीण सिंह राव पोसालिया सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।








