पूर्व विधायक लोढ़ा के दखल से सिरोही मेडिकल कॉलेज को मिला प्राचार्य, राजमेस ने जारी किया आदेश

शिवगंज। राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, सिरोही में रिक्त चल रहे प्राचार्य पद पर आखिरकार नियुक्ति कर दी गई है। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के हस्तक्षेप के बाद राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी (राजमेस) के निदेशक नरेश गोयल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की ओर से कार्रवाई करते हुए सिरोही मेडिकल कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य डॉ. श्रवण मीणा को जयपुर में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य का पद रिक्त चल रहा था, जिससे कॉलेज के अभ्यर्थियों एवं शैक्षणिक कार्यों में अनेक प्रकार की परेशानियां सामने आ रही थीं।
प्राचार्य पद रिक्त होने से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने राजमेस के निदेशक नरेश गोयल से फोन पर बातचीत कर नाराजगी जाहिर की तथा शीघ्र नियुक्ति करने का आग्रह किया। इस पर गोयल ने प्राचार्य पद पर जल्द नियुक्ति का आश्वासन दिया था।
लोढ़ा के दखल के बाद राजमेस निदेशक नरेश गोयल ने शुक्रवार को एक आदेश जारी कर डॉ. मलकेश मीणा, सह आचार्य, टीबी एंड चेस्ट विभाग एवं अतिरिक्त प्रधानाचार्य–II, मेडिकल कॉलेज को डॉ. श्रवण कुमार मीणा के स्थान पर अग्रिम आदेश तक राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, सिरोही के प्राचार्य का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य पद पर नियुक्ति होने से अभ्यर्थियों ने पूर्व विधायक संयम लोढ़ा का आभार व्यक्त किया हैं।








