नागरिक सुरक्षा को लेकर उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में दूसरी बड़ी कार्रवाई
छापे के बाद से देर शाम तक चलती रही जब्ती की कार्रवाई

शिवगंज। नागरिक सुरक्षा को लेकर उपखंड अधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभिया के तहत गुरुवार को पुलिस ने हीरागरवाडी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आवासीय बस्ती के बीच चल रहे पटाखों के अवैध गोदाम पर छापा मारकर वहां से भारी मात्रा में पटाखें बरामद किए है। इस गोदाम में इतना पटाखा भरा हुआ था कि पटाखा जब्ती का क्रम देर शाम तक जारी था। जानकारी के अनुसार उपखंड अधिकारी नीरज मिश्र के निर्देश पर पुलिस प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे अवैध रूप से पटाखा बिक्री को रोकने के अभियान के तहत गुरुवार को सूचना मिली थी कि हीरागर वाडी क्षेत्र में बच्चों के अस्पताल के सामने पटाखों का एक अवैध गोदाम संचालित हो रहा हैं,जहां प्रचुर मात्रा में पटाखों का भंडारण किया हुआ हैं। सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र वर्मा, पुलिस उप निरीक्षक शशिकला, सहायक उप निरीक्षक नैना राम के साथ पुलिस की टीम ने पटाखों के गोदाम पर छापा मारकर वहां से भारी मात्रा में पटाखें बरामद किए। इस दौरान उपखंड अधिकारी ने गोदाम संचालक मोहसिन पुत्र हबीब खान से गोदाम संचालन का अनुज्ञा पत्र मांगा तो वह नहीं बता सका। जिस पर पुलिस ने गोदाम में रखा सारा माल जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि पटाखों की जब्ती कार्रवाई चल रही हैं। जिसके पूर्ण होने के बाद ही बताया जा सकता हैं कि वास्तव में यहां कितनी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया हुआ था। पुलिस न बताया कि मामले में गोदाम संचालक के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल पुलिस की इस कार्रवाई से पटाखों का अवैध व्यापार करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मच गया हैं।
इनका कहना हैं
यह गोदाम आवासीय क्षेत्र में बिना किसी सक्षम अनुमति के चल रहा था। नागरिक सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार को कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। दो दिन पूर्व भी बरलूट वास में भी एक गोदाम को शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए थे। यदि कोई व्यक्ति बाजार में पटाखा का विक्रय करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नीरज मिश्र, उपखंड अधिकारी,शिवगंज









