लायंस क्लब शिवगंज–सुमेरपुर द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर ऐतिहासिक रूप से सफल

शिवगंज । लायंस क्लब शिवगंज–सुमेरपुर के तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन अत्यंत सफल एवं ऐतिहासिक रहा। इस शिविर में ग्रामीण एवं दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए कुल 528 मरीजों ने ओपीडी के माध्यम से अपनी आंखों की जांच करवाई, जिनमें से 111 मरीजों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु किया गया और उन्हें आबूरोड ग्लोबल हॉस्पिटल भेजा गया, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

शिविर में मरीजों को निःशुल्क नेत्र जांच, मधुमेह एवं बीपी जांच, दवाइयों का वितरण तथा चयनित मरीजों को निःशुल्क चश्मा प्रदान किया गया। साथ ही, ऑपरेशन हेतु चयनित मरीजों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
यह सेवा प्रकल्प भामाशाह परिवार के सहयोग एवं लायंस क्लब की प्रेरणा से संपन्न हुआ। लायंस क्लब शिवगंज–सुमेरपुर पिछले 15 वर्षों से निरंतर इस निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष यह शिविर स्वर्गीय लायन मुकुटलाल जी अग्रवाल की पांचवीं पुण्य स्मृति के पावन अवसर पर, उनके सुपुत्र श्रीमान जितेन्द्र अग्रवाल द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें परिवार के सदस्य सुनीता अग्रवाल, हार्दिक अग्रवाल एवं जतिन अग्रवाल का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम में जगन्नाथ महादेव मंदिर मंडल, सेवा परमो धर्म, भारत विकास परिषद, अग्रवाल पंचायत ट्रस्ट सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता की और आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। क्लब द्वारा पधारे सभी अतिथियों एवं मीडिया बंधुओं का स्वागत-सत्कार किया गया तथा भामाशाह परिवार का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।
इस विशाल सेवा प्रकल्प को सफल बनाने में क्लब के 30 से अधिक लायन सदस्यों ने पूर्ण समर्पण एवं सेवा भावना से योगदान दिया। लायंस क्लब शिवगंज–सुमेरपुर ने भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा के प्रभावी और जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।








