दीपक बंसल को मिली लाॅयन्स क्लब की कमान बने अध्यक्ष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

योगेश पटवा सचिव एवं सीए मुकेश परमार कोषाध्यक्ष नियुक्त, लाॅयन्स क्लब का 48वां पदस्थापना समारोह आयोजित

शिवगंज। लाॅयन्स क्लब का 48वां पदस्थापना समारोह शुक्रवार को धूमधाम से आयोजित हुआ जिसमें लाॅयन दीपक बंसल ने अध्यक्ष, योगेश पटवा ने सचिव एवं सीए मुकेश परमार ने कोषाध्यक्ष के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
कार्यक्रम संयोजक लाॅयन पंकज कुमार अग्रवाल ने बताया कि लाॅयन्स क्लब का 48वां पदस्थापना समारोह शुक्रवार देर शाम को सुमेरपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित हुआ जिसमें पुरानी कार्यकारिणी के अध्यक्ष लाॅयन अशोक कुमार अग्रवाल, सचिव दीपक बंसल एवं कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार अग्रवाल के कार्यकाल पूर्ण होने पर नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं पदस्थापना अधिकारी एमजेएफ लाॅयन निशांत जैन, विशिष्ट अतिथि के रूप में एमजेएफ लाॅयन जय कुमार बैरवा एवं लाॅयन सीए मधुसूदन सिंहल उपस्थित रहे। लाॅयनवाद के जनक मेलविन जोन्स एवं मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। तत्पश्चात् नन्ही दिव्यांशी पुत्री योगेश पटवा ने गणपति वंदना पर अपनी भावभीनी प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी। तत्पश्चात् ध्वज वंदना, राष्ट्रगान का आयोजन हुआ एवं विश्व शांति एवं पूर्व लाॅयन साथी स्व. प्रकाश गांधी को दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई।

अतिथियों एवं भामाशाहों का स्वागत-सत्कार
कार्यक्रम की अगली कडी में मंचासीन अतिथियों का माला, साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह व गुलदस्ता भेंट कर स्वागत-सत्कार किया गया। साथ ही सेवा गतिविधियों में सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। क्लब सदस्यों को सेवा सम्मान एवं उपस्थित पत्रकार बंधुओं को मीडिया सम्मान से सम्मानित किया गया। मंच का संचालन लाॅयन मोहित अग्रवाल ने किया। क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष लाॅयन अशोक कुमार अग्रवाल द्वारा उनके कार्यकाल के संबंध में संक्षिप्त उद्बोधन प्रस्तुत किया गया एवं सचिव दीपक बंसल द्वारा क्लब की गतिविधियों के संबंध में संक्षिप्त प्रतिवेदन पेश किया गया।

सेवा क्षेत्र में नये आयामों को स्थापित करेंगे

मंचासीन मुख्य वक्ता एवं पदस्थापना अधिकारी एमजेएफ लाॅयन निशांत जैन ने महिला लीडरशीप को बढावा देने एवं सदस्यों की संख्या में वृद्धि करने को लेकर अपने सुझाव दिये। साथ ही निरन्तर सेवा कार्यों से नये-नये आयामों को स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि एमजेएफ लाॅयन जय कुमार बैरवा एवं लाॅयन सीए मधुसुदन सिंहल ने अपने उद्बोधन से सभी का मार्गदर्शन किया। तत्पश्चात् नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ के पश्चात् क्लब के नये अध्यक्ष लाॅयन दीपक बंसल ने सेवा क्षेत्र में नित नये आयामों को स्थापित करने का भरोसा दिलाया एवं सभा स्थगण की घोषणा की। क्लब के नये सचिव लाॅयन योगेश पटवा ने धन्यवाद प्रस्ताव देकर समारोह का समापन किया। तत्पश्चात् स्नेह भोज का आयोजन हुआ। समारोह में लाॅयन पदाधिकारी, सदस्य, उनके परिवारजन एवं कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Rajasthan Tv 24
Author: Rajasthan Tv 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Buzz4 Ai