Search
Close this search box.

नया नया राज आया था, थोड़े दिन आपको सह भी लिया, लेकिन आगे नहीं सहेंगे : लोढा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • कांग्रेस नगर मंडल का शक्ति माता मंदिर परिसर में आयोजित हुआ नववर्ष का स्नेह मिलन कार्यक्रम
  • सम्मेलन में पूर्व विधायक की विक्रम टेक्स पर किया खुलासा, कहा अब किसी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे
  • शिवगंज और सिरोही में स्वायत्तशासी संस्था को पहुंचाया जा रहा नुकसान, कहा किसकी शह पर चल रहे है अवैध रूप से व्यवसायिक भवनों के काम
  • मुख्यमंत्री को भी घेरा, कहा कुर्सी बचाने के लिए अपने ही मंत्रियों से डरते है मुख्यमंत्री

शिवगंज। पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार एवं पूर्व विधायक संयम लोढा रविवार को भाजपा सरकार के खिलाफ खासे आक्रोशित नजर आए। शहर के शक्तिमाता मंदिर परिसर में नववर्ष के उपलक्ष में आयोजित नगर कांग्रेस के स्नेह मिलन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने राज्यमंत्री को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि शिवगंज और सिरोही में विक्रम टेक्स की बदौलत स्वायत्तशासी संस्थाओं को राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा है। दोनों जगहों पर बिना अनुमति के व्यवसायिक भवनों को निर्माण कार्य धडल्ले से किसकी शह पर हो रहा है। लोढा ने कहा कि आपका नया नया राज आया था तो थोड़े दिन आपको सह भी लिया,लेकिन जनता की समस्याओं को लेकर आगे नहीं सहेंगे।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि शिवगंज और सिरोही में अवैध रूप से व्यवसायिक भवनों के निर्माण कार्य चल रहे है, जो सीधे तौर पर स्वायत्तशासी संस्था के राजस्व को नुकसान है। आखिर यह पैसा नगर पालिका और परिषद में नहीं आ रहा है तो किसी जेब में जा रहा है। लोढा ने विक्रम टेक्स का जिक्र करते हुए कहा कि यहां हालात यह हो गए है कि विक्रम टेक्स भरने के बाद अधिकारी के पास फोन आता है कि कोई काम नहीं रोके। हालात इसी तरह के रहे और इन संस्थाओं में पैसा नहीं आया तो नालियों की सफाई करवाना भी मुश्किल हो जाएगा। लोढा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यह तो ठीक है आपका नया नया राज आया था तो थोडे दिन बर्दाश्त भी कर लिया, लेकिन आगे से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हमारे राज में हर अधिकारी ने पूरा किया कार्यकाल
पूर्व विधायक लोढा ने तंज कसते हुए कहा कि सिरोही में आने वाला कोई अधिकारी यहां टिकना ही नहीं चाहता इसकी वजह यह है कि जनप्रतिनिधि उनसे गलत काम करवाना चाहते है,अधिकारी ऐसा नहीं करता है तो उसे रवाना कर दिया जाता है। जबकि उनके कार्यकाल में यहां जो भी अधिकारी आया वह दो से तीन साल तक अपना पूरा समय जनता की सेवा कर गया है। किसी अधिकारी को काम को लेकर कभी शिकायत नहीं रही।

लगता है भाजपा के राज में भाजपा वाले ही अधिक दुखी
पूर्व विधायक ने कहा कि अब प्रदेश में राज बदले एक साल हो गया है। बाकी लोग तो दुखी हो रहे या नहीं लेकिन ऐसा लगता है कि भाजपा वाले ही अपने इस राज से दुखी हो गए है। हालात यह है कि वे चाहे तो भी किसी को अपना दुख नहीं बता सकते। उनकी तो बाथरूम में जाकर रोने की नौबत आ गई है। उन्होंने शिवगंज में भाजपा के एक जिला पदाधिकारी के पट्टा प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि उनको अपना एक पट्टा जारी करवाने के लिए कितनी जद्दोजेहद करनी पडी वह किसी से छिपी हुई नहीं है, तो आम आदमी की क्या बिसात है। हालात इस कदर से बना दिए गए है कि अधिकारी किसी की सुनते नहीं है

जीत हो या हार, हर दम जनता के साथ रहूंगा
लोढा ने कहा कि राजनीति में जीत और हार होती रहती है। लेकिन वे हर समय जनता के उनके हर सुख दुख में साथ खड़े रहेंगे। जब सत्ता में बैठे लोग ही जनता की सुनना बंद कर देंगे तो हमें तो उनकी सुननी ही पड़ेगी, उनकी समस्याओं का निराकरण करवाना ही होगा। हम सक्रिय है वह इसलिए कि हमें राजस्थान के लोगों की चिंता है

अपने मंत्रियों से डरते है मुख्यमंत्री
लोढा ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को घेरते हुए कहा कि पर्ची मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने के चक्कर में अपनी हालत यह कर बैठे है कि वे अपने ही मंत्रियों से डरते है।

गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा क्यों नहीं देती केन्द्र सरकार
लोढा ने उत्तरप्रदेश में भाजपा के ही एक विधायक के आरोप का जिक्र करते हुए कहा कि उनका आरोप है कि उत्तरप्रदेश में ५० हजार गाय रोज कटती है। ऐसे हालात भाजपा की सरकार में है तो फिर साधु संत क्यों भाजपा के लिए वोट मांगते फिरते है, क्या उन्हें नहीं पता कि गाय भाजपा के ही राज में कट रही है। जालोर में दिए अपने एक साक्षात्कार का जिक्र करते हुए लोढा ने कहा कि एक पत्रकार ने यह सवाल किया था कि गाय को राज्यमाता का दर्जे पर आपकी क्या राय है तो मैंने जवाब दिया था कि राज्यमाता क्या केन्द्र सरकार गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा क्यों नहीं देती। वह गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा इसलिए नहीं देना चाहती कि उनको मणिपुर और गोआ के वोट चाहिए। लोढा ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में गोवंश के संवर्धन के लिए काफी कुछ कार्य किया है। लेकिन अब गोमाता के लिए जो कार्य पूर्ववर्ती सरकार ने किए थे, इस सरकार ने उन्हें रोक दिया है। गोशालाओं को अनुदान तक नहीं मिल रहा है। इस मौके पर लोढा ने नगर पालिका बोर्ड के कार्यकाल पूर्ण होने पर बेहतरीन कार्य के लिए कांग्रेस बोर्ड को साधुवाद दिया। समारोह को नगर कांग्रेस अध्यक्ष हनुवंतसिंह मेडतिया, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष जूली चौहान, गोशाला अध्यक्ष बाबूलाल परिहार, महेन्द्रसिंह चौधरी आदि नेताओं ने भी संबोधित किया। मंच का संचालन कुशलसिंह देवडा ने किया।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश मीना, पूर्व पार्षद जगवीरसिंह, हबीब शेख, राजेन्द्रसिंह, कस्तुर घांची, जयंतिलाल सोनी, पीसीसी सदस्य हरीश राठोड, ब्लॉक अध्यक्ष रताराम देवासी, मंडल अध्यक्ष नारायणलाल रावल, शैतानसिंह रावणा, सिरोही नगर अध्यक्ष प्रकाश प्रजापति, मोहन सिरवी, राकेश रावल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा सिलावट , नफीसा सिलावट, विशाखा प्रजापत, नारायण लाल सोनी, राजेन्द्र रावल, महेन्द्र रावल, राजेन्द्र माली, अब्बास अली, महिपालसिंह राणावत सहित कई कार्यकर्ता उपिस्थत थे।

Rajasthan Tv 24
Author: Rajasthan Tv 24

Leave a Comment

और पढ़ें