शिवगंज थाने के पड़ोस में स्पा सेंटर पर छापा, तीन युवतियां-दो युवक थाने पहुंच

जहां शिव का नाम, वहीं ‘स्पा’ का काम? पुलिस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चा तेज
शिवगंज। शहर में संचालित वाइब ड्रीम फैमिली रेस्टोरेंट एंड स्पा पार्लर पर सोमवार देर शाम शिवगंज पुलिस ने दबिश देकर कार्रवाई की। थानाधिकारी बाबूलाल राणा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर जांच करते हुए वहां मौजूद तीन युवतियों और दो युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। सभी से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार स्पा सेंटर में आपसी झगड़े की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की आशंका के चलते वहां मौजूद लोगों को थाने लाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्पा सेंटर के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह स्पा सेंटर कुंदन नगर के सामने संचालित हो रहा था, जिसकी दूरी शिवगंज थाने से करीब दौ सौ मीटर तथा डीएसपी आवास से महज पच्चास मीटर बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और देर रात तक लोगों में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। इधर शहर में लंबे समय से स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियों के संचालन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। निर्माणाधीन अस्पताल रोड, पुराने राजमार्ग सहित कई क्षेत्रों में आवासीय मकानों के अंदर ऐसे कारोबार संचालित होने की चर्चाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। सूत्रों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार के बाद अब अनैतिक गतिविधियों का जाल भी तेजी से फैलता नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस की यह कार्रवाई चर्चा का विषय इसलिए भी बन गई है क्योंकि शहर में कई स्थानों पर ऐसे सेंटर संचालित होने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं, लेकिन कार्रवाई सीमित ही दिखाई देती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक पहचान रखने वाला शिवगंज शहर “शिवनगरी” के नाम से विख्यात है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की गतिविधियों की चर्चा होना चिंता का विषय बनता जा रहा है। लोगों का मानना है कि समय रहते प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो शहर की छवि पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और स्पा सेंटर के संचालन तथा वहां होने वाली गतिविधियों को लेकर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।





