*मनरेगा पर सियासत गर्म:* भाजपा मंडल महामंत्री राठी का पलटवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*मनरेगा पर सियासत गर्म:* भाजपा मंडल महामंत्री राठी का पलटवार

पूर्व विधायक लोढ़ा पर ग्रामीणों को भ्रमित करने व अभद्र टिप्पणी का आरोप

शिवगंज। मनरेगा योजना को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल शिवगंज के महामंत्री कुंदनमल राठी ने कांग्रेस के “मनरेगा बचाओ महाअभियान” को सस्ती राजनीति करार देते हुए पूर्व विधायक संयम लोढ़ा पर तीखा हमला बोला है। राठी ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक लोढ़ा द्वारा वर्तमान भाजपा सरकार, क्षेत्रीय विधायक एवं राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के लिए की गई अभद्र टिप्पणियां राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार करने वाली हैं। राठी ने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर ग्रामीणों में यह अफवाह फैला रही है कि मनरेगा योजना समाप्त की जा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि मनरेगा कभी खत्म नहीं हुई और न ही होगी। केंद्र सरकार ने केवल योजना का नाम परिवर्तित कर “वीबी जी राम जी” किया है, न कि योजना को समाप्त। इसके बावजूद पूर्व विधायक लोढ़ा ग्रामीणों को गुमराह कर झूठी वाहवाही लूटने में लगे हुए हैं। भाजपा महामंत्री ने कहा कि मनरेगा के तहत रोजगार आज भी गांवों और शहरों में सुचारू रूप से चल रहा है। इतना ही नहीं, भाजपा की केंद्र सरकार ने ग्रामीणों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए 100 दिन के रोजगार की गारंटी को बढ़ाकर 125 दिन कर दिया है, जिससे प्रत्येक परिवार को 25 दिन अतिरिक्त रोजगार मिलेगा। इसे ग्रामीण रोजगार की नई और मजबूत गारंटी बताया।

राठी ने कहा कि “वीबी जी राम जी” योजना के अंतर्गत 125 दिन की रोजगार गारंटी, बेहतर बेरोजगारी भत्ता प्रावधान, समय पर मजदूरी भुगतान, देरी भुगतान होने पर मुआवजा, ग्राम सभा के माध्यम से विकसित ग्राम पंचायत योजनाएं, वीजीपीपी के तहत विभिन्न योजनाओं का समन्वय, तकनीक के जरिए सशक्तिकरण और शहरी-ग्रामीण बेरोजगारों को समय पर रोजगार जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जिससे गांवों की आधारभूत संरचना और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से कांग्रेस पूरी तरह बौखलाई हुई है और इसी हताशा में वह रोज नए-नए हथकंडे अपनाकर भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। राठी ने स्पष्ट कहा कि जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और कांग्रेस के झूठे अभियानों का करारा जवाब देगी।
कांग्रेस के “मनरेगा बचाओ महाअभियान” के तहत आयोजित संवाद कार्यक्रम में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा द्वारा दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल शिवगंज के महामंत्री कुंदनमल राठी ने कड़ा पलटवार किया है। राठी ने एक बयान जारी कर लोढ़ा के शब्दों को तथ्यों से परे, भ्रामक और राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया। राठी ने यह भी कहा कि शनिवार को केसरपुरा में जनसंपर्क के दौरान पूर्व विधायक लोढ़ा ने यह कहकर ग्रामीणों को गुमराह करने का प्रयास किया कि भाजपा सरकार ने मनरेगा को खत्म कर दिया है, जबकि सच्चाई इसके बिल्कुल विपरीत है। केंद्र सरकार ने योजना को और अधिक मजबूत करते हुए रोजगार के दिनों की संख्या बढ़ाई है, न कि समाप्त की है। ऐसे में मनरेगा खत्म होने की बात करना जनता को भ्रमित करने का खुला प्रयास है। भाजपा महामंत्री ने बताया कि लोढ़ा ने अपने भाषण में कहा कि“अगर जनता ने ठान लिया तो सत्ता मुंडारा से दिल्ली भागेगी” जैसे बयान लोकतांत्रिक चर्चा नहीं, बल्कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश हैं वहीं मुख्यमंत्री को लेकर दिए गए अमर्यादित और अहंकार से भरे वक्तव्य कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाते हैं।
राठी ने कहा कि सरकार की तुलना काल नेमी राक्षस से करना न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि यह कांग्रेस नेताओं की भाषा और सोच के गिरते स्तर को भी उजागर करता है। भाजपा सरकार साधु के भेष में नहीं, बल्कि सेवा, विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है, जिसका प्रमाण योजनाओं का ज़मीनी क्रियान्वयन है।उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने ग्रामीण रोजगार, समय पर मजदूरी भुगतान, पारदर्शिता और तकनीकी सशक्तिकरण के जरिए गांवों की तस्वीर बदलने का काम किया है। इन्हीं सफलताओं से घबराकर कांग्रेस नेता मंचों से तथ्यहीन और उग्र बयानबाजी कर रहे हैं। राठी ने स्पष्ट कहा कि जनता अब भाषणों और तंज से नहीं, काम और परिणामों से फैसला करती है। कांग्रेस चाहे जितनी बयानबाजी कर ले, लेकिन सच्चाई और विकास की राजनीति के सामने उसका भ्रम अभियान टिकने वाला नहीं है।

Rajasthan Tv 24
Author: Rajasthan Tv 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Buzz4 Ai