- राज्य सरकार ने स्वायत्त शासन विभाग के अधिन नगर पालिकाओं में रिक्त पदों को भरने के लिए अन्य विभागों से प्रतिनियुक्ति व सेवानिवृत कर्मचारियों को नियुक्त करने के जारी किए है निर्देश
- यूथ कांग्रेस ने सरकार के आदेशों को बताया तुगलकी आदेश, कहा बेरोजगारों के हितों से कुठाराघात कर रही सरकार शिवगंज। राज्य सरकार की ओर से हाल ही में स्वायत्त शासन विभाग के अधिन नगर निकायों मेें विभिन्न सेवा संवर्ग के रिक्त पदों को भरने के लिए अन्य विभागों से अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रतिनियुक्त करने तथा सेवानिवृत कर्मचारियों को रिक्त पदों पर नियुक्त करने के आदेशों को यूथ कांग्रेस ने पालिका की स्वायत्ता को खत्म करने का प्रयास बताया है। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रकाशराज मीना ने यहां बयान जारी कर बताया कि नगर निकायों में पिछले काफी समय से विभिन्न संवर्ग में अधिकारियों व कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े है। इन पदों पर सरकार प्रशिक्षित बेरोजगारों को नियुक्ति करने और भर्ती निकालने के बजाय इन पदों को भरने के लिए अन्य विभागों से अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रतिनियुक्त करने के आदेश जारी किए है। इसके अलावा सेवानिवृत कर्मचारियों को भी इन पदों पर नियुक्ति प्रदान करने के आदेश जारी किए है। मीना ने कहा कि नगर निकाय एक स्वायत्तशासी संस्था है, ऐसे में सरकार अन्य विभागों से अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रतिनियुक्त कर नगर निकायों की स्वायत्ता को खत्म करने का प्रयास कर रही है।
मीना ने बताया कि प्रदेश में ऐसे कई प्रशिक्षित बेरोजगार है जिन्होंने स्वास्थ्य निरीक्षक सहित अन्य संवर्ग के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर डिप्लोमा लिया हुआ है। वे बेरोजगार युवक नगर निकायों में भर्ती का इंतजार कर रहे है। सरकार इन पदों के लिए सीधी भर्ती निकालने के बजाय दूसरे विभागों से अधिकारियों व कर्मचारियों को तैनात कर उन बेरोजगारों के हितों के साथ कुठाराघात कर रही है जिन्होंने इन पदों के लिए प्रशिक्षण प्राप्त किया है। मीना ने बताया कि सेवानिवृत कर्मचारियों को फिर से नगर निकायों में नियुक्त करने से सरकार भ्रष्टाचार को ही बढावा देने का प्रयास कर रही है, क्योंकि नगर निकायों से सेवानिवृत हुए कई कर्मचारियों पर पूर्व में भ्रष्टाचार के भी आरोप थे। यदि उन्हें फिर से नियुक्त किया जाता है तो भ्रष्टाचार को ही बढावा मिलेगा। मीना ने कहा कि यूथ कांग्रेस सरकार के इन आदेशों का पूरजोर विरोध करते हुए मांग करती है कि नगर निकायों में रिक्त पदों पर नियुक्ति सीधी भर्ती के माध्यम से की जाए ताकि बेरोजगार युवक जो पिछले लंबे समय से नौकरी के इंतजार में है उनको इसका लाभ मिल सके। गौरतलब है कि हाल ही में राज्य सरकार ने स्वायत्त शासन विभाग के नगर निकायों में विभिन्न संवर्ग में रिक्त 3 हजार 999 पदों पर भर्ती के लिए प्रतिनियुक्ति पर अन्य विभागों से अधिकारियों व कर्मचारियों को लगाने के अलावा सेवानिवृत कर्मचारियों, अधिकारियों को भी नियुक्त करने के आदेश जारी किए है।
