खिलाड़ियों को सुविधा मिलेगी तभी होगा खेलों का विकास- पायल परसरामपुरिया

शिवगंज/जयपुर, 22 मार्च।जयपुर में भारतीय एथलेटिक्स संघ के राजस्थान चैप्टर की विशेष साधारण सभा का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश के सभी जिलों के अध्यक्ष व सचिवों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स फेडरेशन के प्रेसिडेंट ललित कुमार भनोट ने की। सिरोही जिला एथलेटिक्स संघ की अध्यक्ष पायल परसरामपुरिया ने प्रदेश एथलेटिक्स संघ की बैठक में सिरोही जिले का प्रतिनिधित्व किया। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की अध्यक्ष पायल परसरामपुरिया ने जिला अध्यक्ष के तौर पर अपनी बात रखते हुए कहा कि खेलों के महत्व को देखते हुए एथलेटिक्स फेडरेशन को और ज्यादा मजबूत करना समय की मांग है।

पायल परसरामपुरिया ने कहा कि एथलेटिक्स संगठन के जरिए होने वाले खेल समारोह को जिला मुख्यालय से आगे बढ़कर ब्लॉक स्तर पर ले जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर खेलों का आयोजन होने से ज्यादा से ज्यादा प्रतिभाओं को अपना हुनर दिखाने के मौके मिल सकेंगे साथ ही ब्लॉक स्तर पर बड़े आयोजनों से ग्रामीण स्तर की प्रतिभाओं की खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी। एथलेटिक्स संघ की जिला अध्यक्ष पायल परसरामपुरिया ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर खेलों का आयोजन करने के साथ ही खिलाड़ियों को अधिकतम सुविधाएं देना भी बेहद जरूरी है जिसमें खिलाड़ियों के लिए खेल इक्विपमेंट से लेकर आयोजन स्थल तक उनके आने-जाने की सुविधा भी की जानी चाहिए।
डॉक्टर ललित कुमार भनोट ने अध्यक्षता करते हुए अपने उद्बोधन में जिलों के सचिव व अध्यक्षों से अहान किया कि खेलों का ग्रामीण स्तर पर प्रचार प्रसार करें जिसमें प्रतिभाओं को उचित स्थान मिल सके। भनोट ने कहा कि जिले की इकाइयां सबसे महत्वपूर्ण इकाइयां है इसलिए खेलों में निष्पक्षता की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है।
कार्यक्रम में एथलेटिक्स संघ के प्रदेश सचिव देवनारायण और जिला सचिव हरदेव सुथार भी मौजूद रहे।







