शहीद दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहीद दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

सिरोही,23 मार्च2026 । सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, सिरोही द्वारा आज शहीद दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय ए.एन.एम. ट्रेनिंग सेंटर, सिरोही में संगोष्ठी एवं प्रतियोगिता के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन में शहीदों के बलिदान के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना तथा राष्ट्रीय चेतना का प्रसार करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वार्ताकार के रूप में अखिल भारतीय भारत रत्न नेताजी सुभाषचंद्र बोस राष्ट्रीय सेवा समिति, सिरोही के कार्यक्रम अधिकारी लुम्बाराम मेघवाल ने अपने संबोधन में देश के वीर सपूतों के अद्वितीय योगदान को स्मरण करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव तथा नेताजी सुभाषचंद्र बोस के जीवनी, उनके त्याग एवं बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर वरिष्ठ योगाचार्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री भीक सिंह भाटी ने शहीद दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को देशभक्ति एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए नियमित दिनचर्या, योग एवं प्राणायाम के महत्व पर भी जोर दिया।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, सिरोही के प्रभारी अधिकारी श्री फूलचन्द गहलोत ने कहा कि शहीद दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सम्मान देने का संकल्प दिवस है।
कार्यक्रम के दौरान शहीद दिवस विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में राजकीय ए.एन.एम. ट्रेनिंग सेंटर, सिरोही की प्राचार्य शुभा एस. देव ने अतिथियों एवं विभाग का आभार व्यक्त किया।

Rajasthan Tv 24
Author: Rajasthan Tv 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Buzz4 Ai